Skip to main content

सफेद पीठ वाला तेला

 

सफेद पीठ वाला तेला (White backed plant hopper)

वैज्ञानिक नाम : सगातेल्ला  फुर्सिफेरा (Sagatella furcifera Hor.)

पहचान: युवा तेला ३.१ से ४.० मि.मी. लम्बा होता है, जिसकी पीठ पर सफेद पट्टियाँ पाई जाती है, शरीर का रंग क्रीम सफेद, पेट काला तथा टांगे भूरी होती हैं । निम्फ का रंग आरम्भ में हरा या सफेद एवं बाद में सलेटी होता है । चित्र में इस कीट के युवा एवं निम्फ दोनों दिखाए गये है ।

 

क्षति की प्रकृति: मादा कीट पत्तियों की मध्य शिरा या पर्णच्छद पर अंडे रखती है, अंडो से ६ दिन बाद बाहर आने पर निम्फ ११ से १२ दिन बाद युवा होता है ।
सफेद पीठ वाला तेला फसल की आरम्भ की अवस्थाओं में सक्रिय होता है, कभी-कभी पुष्पण के बाद भी संक्रमण करता है । ऐसी अवस्था में पुष्प गुच्छ पर भी आक्रमण करते हैं । प्रायः युवा एवं निम्फ पौधों के निचले क्षेत्र पर संक्रमण करते हैं और पौधे का रस चूसते हैं तथा दारू (Xylem) एवं पोषवाह (Phloem) को बंद कर देते हैं । पौधे की पूर्ति व्यवस्था अवरूद्ध होने से पत्तियां पीली होकर सूख जाती हैं । यह सूखना एक छोटे वृत्ताकार क्षेत्र से बढ़ता जाता है । कीट साथ वाले स्वस्थ पौधों पर चले जाते हैं और क्षति करते हैं । इस प्रकार फसल में दूर से सूखे पौधों का गोलाकार समूह नजर आता है, जिसे हापरबर्न (Hopper Burn) कहते है । चित्र  में ऐसी स्थिति दर्शायी गई है । जीवाणुज़ पत्ती अंगमारी में भी दूर से इसी प्रकार फसल सूखी हुई नजर आती हैं, परन्तु उसमें फसल गिरती नहीं है एवं सूखी हुई पत्ति सीधी दिखती हैं ।

नियंत्रण:

  • स्वच्छ खेती एवं फसल अवशेषों को जलाना ।
  • आवश्यकता से अधिक नाइट्रोजन उर्वरक का प्रयोग न करें तथा जल निकास की व्यवस्था रखें ।
  • कीटरोधी किस्मों जैसे-एच.के.आर.१२०, कशिरा (Kshira), सरसा (Sarasa), एच. के .आर २२८, उदया तथा पी.आर.१०९ में से किसी का चुनाव करें, परन्तु ये किस्म क्षेत्र विशेष के अनुकूल होनी चाहिए ।
  • क्विनल्फास या फेंथियान (Fenthian) या क्लोरपाईरिफास या कार्बेरिल या मोनोक्रोटोफास -०.५ कि.ग्रा.ए.आई./है. का छिड़काव करें । स्प्रे पम्प की नाजिल पौधों के निचले भाग की ओर रखे, इससे कीट -नियंत्रण क्षमता बढेगी ।
  • दानेदार कीटनाशी कार्बोफ्यूरान -०.७५ कि.ग्रा.ए. अथवा फोरेट -१.२५ कि.ग्रा. ए.आई./है. का प्रयोग करें । इसके लिए खेत में लगभग ५ से.मी. पानी अवश्य होना चाहिए, जो ३ से ४ दिन खेत में बना रहे ।

 

0
Your rating: None

Please note that this is the opinion of the author and is Not Certified by ICAR or any of its authorised agents.